दून के रायपुर क्षेत्र में पीसीएस अधिकारी के बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी आदि चुरा लिया गया। अफसर के ड्राईवर की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस भी अफसर का नाम बताने से बचती रही। उधर डालनवाला क्षेत्र में एलबीएस अकादमी के स्टेनोग्राफर के मकान से दिन दहाड़े कई लाख रुपये का सामान चुरा लिया गया। तीसरी वारदात पटेलनगर क्षेत्र में हुई, जहां से टोंटी आदि सामान चोरी हो गया।
रायपुर थाना क्षेत्र के शिव लोक कालोनी निवासी पीएसएस अधिकारी के मकान पर 31 मई से ताला लगा था। अधिकारी परिवार के साथ बाहर गए थे। 19 जून को वापस आए तो घर की हालत देखकर पैरों तले की जमीन खिसक गई। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर मकान को पूरी तरह खंगाल रखा था।
अलमारियों के ताले टूटने के साथ सामान बिखरा पड़ा था। चोर यहां से आठ से दस हजार रुपये की नकदी के अलावा कीमती सामान ले गए है। प्रशासनिक अधिकारी के ड्राईवर मुकेश कुमार निवासी गोरखपुर की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया है। रायपुर पुलिस भी अधिकारी का नाम बताने से बचती रही। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चोरी की दूसरी वारदात मूसरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अकादमी के स्टेनोग्राफर आसिफ पटेल के आवास पर हुई। डालनवाला के करनपुर निवासी आसिफ मंगलवार सुबह को अपनी मां को इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले गए थे। इस कारण मकान पर ताला लगा था। दोपहर को वापस आए तो गेट का ताला टूटा होने के साथ सामान बिखरा पड़ा था।
घर से नकदी के अलावा कीमती जेवरात चुराए गए है। दिन में हुई चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। डालनवाला क्षेत्र के रिस्पना नदी के पास रहने वाली परमजीत कौर के मकान से पर्स चोरी हो गया। पुलिस का कहना है कि पर्स बालक ने चुराया था, जो बाद में मिल गया। पटेलनगर क्षेत्र में अरुण के मकान में चोरी की घटना हुई है। पुलिस का कहना है कि चोर घर से टोंटी आदि ही चुराकर ले गए है।
Published By : Nirmala Suyal