चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : AmarUjala
चोरों ने दिन दहाड़े जोहड़ी गांव स्थित एक पूर्व फौजी के घर का ताला तोड़कर कई लाख के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जाखन चौकी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व फौजी संतोष कुमार गुरुंग निवासी ग्राम जोहड़ी अनारवाला ने पुलिस को बताया कि वे पत्नी व दो बहुओं के साथ श्राद्ध के लिए श्यामपुर प्रेमनगर गए हुए थे। उनके दो बेटे सेना में और तीसरा विदेश में नौकरी करता है।
वे शाम छह बजे घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। घर में सारा सामान बिखरा मिला और आलमारी खुली हुई थी। जाखन चौकी इंचार्ज विपिन बहुगुणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
क्षेत्र में अक्सर होती हैं चोरियां
अनारवाला में छह माह पूर्व एक पूर्व फौजी के यहां भी लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इसके बाद भी चोरों ने एक घर में हाथ साफ किया था। लेकिन, अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया।