पुलिस उप महानिरीक्षक कार्यालय से सटी दून अस्पताल की नर्स कालोनी में 26 मिनट के भीतर पहली मंजिल पर स्थित तीन क्वार्टरों के आठ ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवर चुरा लिए।
विज्ञापन
चौथे क्वार्टर में इंटर लॉक न टूटने के कारण चोर कामयाब नहीं हो सके। वारदात के समय चहल-पहल होने के साथ कालोनी में रहने वाले छह लोग मेन गेट पर खड़े थे, लेकिन किसी ने चोरों को आते और जाते नहीं देखा।
दून चिकित्सालय के सामने नर्सों की आवासीय कालोनी में सोमवार को दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस के होश उड़ा दिए। पहली मंजिल पर पांच क्वार्टर हैं। नर्स कुसुम लता रोजमर्रा की तरह सुबह 8:30 बजे ड्यूटी पर चली गई थीं, जबकि उनके पति मनोज भट्ट घर पर थे।
विज्ञापन
उनके साथ पड़ोसी नर्स कांति राणा, प्रिया बडोला और पूनम आर्य भी ड्यूटी पर थीं और उनके क्वार्टर पर ताला लगा हुआ था। पांचवें क्वार्टर में मंजू अंदर से लॉक लगाकर सोई हुई थीं। सुबह 10:35 बजे मनोज भट्ट ड्यूटी पर सचिवालय चले गए। इस कारण पहली मंजिल पूरी तरह सुनसान हो गई थी।
अलमारियों के ताले चटका दिए
इसी बीच चोरों ने धावा बोलकर तीन क्वार्टरों के मेन दरवाजे के साथ अलमारियों के ताले चटका दिए। कुसम लता के घर से चोर सात हजार रुपये ही ले जा सके। उनकी अलमारी भी तोड़ी गई, लेकिन उसमें रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी को चोर नहीं ले गए।
कांति राणा के आवास से चार जोड़ी टॉप्स, दो मंगलसूत्र, दो टीके, दो हार, दो कुंडल चोरी हुए। प्रिया बड़ोला के कमरे में दो अलमारी तोड़ी गई। यहां से चोर तीन अंगूठी, 4 जोड़ी टाप्स, एक मंगल सूत्र और कई हजार की नकदी ले गए। पूनम आर्य के आवास का एक ताला तो चोरों ने तोड़ लिया, लेकिन इंटरलॉक नहीं तोड़ पाए।
इस कारण चोरी होने से बच गई। 11:01 बजे महिला सफाईकर्मी आई तो घटना का खुलासा हुआ। कुछ देर में मौके पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को जमावड़ा लग गया। पुलिस उपाधीक्षक नगर मनोज कात्याल ने मौकेपर पहुंचकर जांच पड़ताल की। प्रिया बिडोला के पति विकास बिडोला आईडीबीपी दिल्ली में इंस्पेक्टर हैं।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मंजू के क्वार्टर के दरवाजे का कुंडा बाहर से बंद कर दिया था। मंजू की दीवार से लगी प्रिया बिडोला की अलमारी को बुरी तरह तोड़ा गया है, लेकिन नींद में मंजू को इसका पता नहीं लग सका। महिला सफाई कर्मी ने कुंडा खोलकर मंजू को बाहर निकाला।
बची ज्वेलरी और डेढ़ लाख का चेक कुसुमलता का खुशकिस्मत रही कि उसकी ज्वेलरी बच गई। जेवर एक बैग में रखे थे, जिस पर चोरों की नजर नहीं पड़ी। नकदी और कैश ढूंढने में जुटे चोरों ने अलमारी खंगाल ली। बैग में डेढ़ लाख रुपये का चेक भी था, जो बच गया।
लोकेशन पूछने वाला हिरासत में सुबह फोन कर एक नर्स की लोकेशन पूछने वाले संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह युवक कालोनी मे काफी समय काम कर चुका है। इस कारण पूरे लोकेशन के साथ यहां के स्टाफ की ड्यूटी के बारे में काफी जानकारी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।