टेस्ट में कम नंबर आने पर तीन छात्राओं को कपड़े उतारकर स्कूल परिसर में घुमाने वाली आरोपी शिक्षिका को कॉलेज से निकाल दिया गया है। वहीं पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कस्बे के जेपी नेशनल इंटर कॉलेज में मंगलवार को कक्षा छह के लिए अंग्रेजी की शिक्षिका शेफाली की ओर से अंग्रेजी विषय का टेस्ट लिया गया था। टेस्ट में तीन छात्राओं के नंबर कम आए थे। कम नंबर आने पर शिक्षिका की ओर से छात्राओं को सजा देने के लिए उन्हें कपड़े उतारकर स्कूल परिसर में घुमाया गया था।
मामले की जानकारी परिजनों को लगने पर उन्होंने स्कूल में पहुंचकर जमकर हंगामा किया था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मंगलवार को स्कूल में पहुंच गई थी। जिस पर हंगामा कर रहे परिजनों को पुलिस ने बमुश्किल शांत किया था, लेकिन बाद में दो छात्राओं के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ इस अमानवीय व्यवहार पर कार्रवाई करने की मांग की गई थी।
जिस पर पुलिस ने मंगलवार की रात में ही विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन बुधवार को विद्यालय प्रबंधन की ओर से आरोपी शिक्षिका को स्कूल से निकाल दिया गया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में पुलिस की ओर से पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। बयान दर्ज होते ही पुलिस के जांच अधिकारी अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज देंगे।