उत्तरकाशी के धरासू-बड़कोट यमुनोत्री मार्ग से लगे जिन्याटगांव में सोमवार को एक कलियुगी बेटे ने दरांती से गर्दन पर वार कर अपनी वृद्ध मां का कत्ल कर डाला। इस नृशंस हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वृद्धा के शव को कब्जे में ले लिया है। आरोपी अभी हत्थे नहीं चढ़ा है।
पोलगांव ग्राम पंचायत के जिन्याटगांव में स्व. बैसाखूराम जगूड़ी की पत्नी सावित्री देवी (70) अपने इकलौते बेटे गणेश जगूड़ी (24) के साथ रहती थी। गणेश के नशेड़ी और हिंसक प्रवृत्ति के होने से वह अक्सर अपनी बेटी के पास या फिर पोल गांव में अपने रिश्तेदारों के साथ ही रहती थीं।
सोमवार को वह अपने घर पर थीं, तब दोपहर करीब तीन बजे बेटे गणेश ने उनके साथ झगड़ा किया और दरांती से गर्दन पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।