रुड़की के समीप भगवानपुर में एक युवक ने अपने ही गांव की एक युवती से डरा धमकाकर दुराचार किया।
दुखद पहलू यह है कि शिकायत किए जाने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में न तो मुकदमा ही दर्ज किया और न ही युवती का मेडिकल करवाया।
पुलिस कर रही छानबीन
अलबत्ता पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। साथ ही आरोपी युवक की भी तलाश की जा रही है।
बुधवार दोपहर क्षेत्र के एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बेटी से पड़ोस के ही एक युवक ने जबरन दुराचार किया है।
घर में अकेली थी युवती
घटना के समय युवती के परिजन कहीं गए हुए थे। उस वक्त युवती घर में अकेली थी। इस बात का लाभ उठाते हुए पड़ोस का एक युवक घर के भीतर घुस आया और उसने युवती को डरा घमकाकर उसके साथ दुराचार किया।
दुराचार की मिली सूचना
युवती के शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग मौके पर आ गये। उन्हें देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। भगवानपुर थानाध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने बताया कि युवती से दुराचार किये जाने की सूचना मिली थी।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जिस युवक का नाम आरोपी के रूप में सामने आया है, उसकी भी तलाश की जा रही है। मामले में अभी तहरीर नहीं आई है।