हरिद्वार के सिडकुल स्थित रिकवरी कंपनी में मजदूरों को वेतन बांटने से जा रहे लेबर ठेकेदार से बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर चार लाख रुपये लूट लिए।
लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। देर रात बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
चलती बाइक पर मारी गोली
जानकारी के अनुसार मुकेश राय लेबर ठेकेदार हैं। मंगलवार रात को करीब सवा दस बजे वह दूसरी शिफ्ट में काम करने वाले अपने मजदूरों को वेतन देने के लिए शिवालिक नगर से कंपनी के लिए बाइक से निकले। किरबी चौक के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
बाइक सवार बदमाशों ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने अपनी बाइक की स्पीड बढ़ा दी। बदमाशों ने ठेकेदार पर फायर झोंक दिया। गोली ठेकेदार के हाथ पर लगी और नीचे गिर गए।
मौके पर पहुंचीं एसएसपी
बदमाश उनसे चार लाख रुपये का पैकेट छीनकर फरार हो गए। ठेकेदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
मौके पर एसएसपी स्वीटी अग्रवाल भी पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जगह-जगह अभियान चलाया। देर रात को कोई बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था।