देहरा खास की टीएचडीसी कॉलोनी में जाली काटकर घर में घुसे बदमाशों ने कमरे में सो रही मां-बेटी को सिर में सरिया मारकर लहूलुहान कर दिया।
दोनों के चीख पुकार मचाने पर बदमाश भाग निकले। घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटेलनगर की टीएचडीसी कालोनी निवासी बिजेंद्र एक समाचार पत्र में मशीन मैन हैं। रविवार रात वे ड्यूटी पर थे।
घर में पत्नी पूनम बेटी स्वाति (8) के साथ थीं। बड़ा बेटा प्रशांत (18) दूसरे कमरे में सो रहा था। रात करीब पौने दो बजे खिड़की की जाली काट बदमाश अंदर घुसे। बदमाशों ने पहले प्रशांत के कमरे को बाहर से कुंडी लगा दी।
फिर दूसरे कमरे में सो रही पूनम और स्वाति के सिर पर सरियों से हमला बोल दिया। मां-बेटी चीखने लगीं तो बदमाश खिड़की के रास्ते भाग निकले। घायलों को पहले महंत इंदिरेश अस्पताल और इसके बाद दून अस्पताल ले जाया गया।
बिजेन्द्र मूल रूप से दिल्ली के हैं। गृह स्वामी के मुताबिक बदमाश घर से कोई सामान नहीं ले गए हैं। उन्होंने पड़ोस में कोई विवाद होने से भी इनकार किया है।