देहरादून के कालसी में एक मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने महिला के देवर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह घिनौनी वारदात कालसी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला के साथ हुई है। महिला का पति प्रदेश के दूसरे जिले में मजदूरी करता है। महिला का बड़ा बेटा जेठ के यहां रहता है और मासूम बेटी मां के साथ ही रहती है।
घर में थी अकेली
बीते 26 मार्च की रात महिला घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि रात को आरोपी उसके घर आ धमका और डरा-धमका कर उससे दुष्कर्म किया और भाग गया। इसके बाद पीड़िता ने लोगों से इशारों में आपबीती सुनाई तो ग्रामीणों ने आनन फानन में पंचायत बुलाई।
पंचायत में कोई निर्णय नहीं होने पर महिला के देवर ने पुलिस में नामजद मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष हरिओमराज चौहान ने बताया कि आरोपी को सोमवार शाम शंभू की चौकी के पास से गिरफ्तार किया गया है। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।