रानीखेत में एमएमएस प्रकरण को लेकर पिछले एक हफ्ते से चल रहा संघर्ष फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फिलहाल थमता नजर आ रहा है।
पुलिस ने फरार आरोपी कुलदीप कुमार को गिरफ्तार करने के बाद सुबह यहां सीजेएम की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी पिछले एक हफ्ते से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और अदालत में समर्पण करने की तैयारी में था, लेकिन उसे बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा पांडेखोला के पास गिरफ्तार कर लिया गया।
मालूम हो कि निकटवर्ती गांव की एक किशोरी ने एमएमएस वायरल होने के बाद आत्महत्या कर ली थी। इससे गुस्साए ग्रामीण पिछले एक हफ्ते से नगर में धरना प्रदर्शन, चक्काजाम कर रहे थे। पुलिस ने मामले के चार आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आरोपी कुलदीप कुमार फरार हो गया।
बताया गया है कि आरोपी कुलदीप कुमार इस बीच हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर, अल्मोड़ा क्षेत्रों से पुलिस से छुपता फिर रहा था। इस बीच उसके अदालत में सरेंडर करने की भी चर्चाएं चल रही थीं।
बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने आरोपी को यहां सीजेएम की अदालत में पेश किया, इसके बाद उसे जेल भेज दिया है। कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बताया कि आरोपियों से इस मामले में कड़ी पूछताछ चल रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।