दून के जूता व्यापारी से पांच साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने के आरोपी और काशीपुर के प्रापर्टी डीलर रघुनाथ अरोड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
अरोड़ा के समर्थन में राजनीतिक पैरोकारी करने वालों की भी कमी नहीं रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी बसपा के टिकट पर लोकसभा और विधानसभा का चुनाव लड़ चुका है। अरोड़ा की कंपनी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई थानों में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं।
दून के जूता कारोबारी राजेश डोडी ने अप्रैल माह में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था कि रेनबो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने उन्हें पांच साल में रकम दोगुनी करने के साथ राशि न लेने की स्थिति में काशीपुर में प्लाट दिलाने का झांसा दिया था। डोडी अपने एक कर्मचारी के जरिए काशीपुर के राम श्याम कालोनी निवासी रघुनाथ अरोड़ा के संपर्क में आए थे।
जब मांगा दोगुना पैसा तो पकड़ा दिया फर्जी चेक
उस समय बताया गया था कि यह कंपनी कानपुर से जुड़ी है। जूता व्यापारी ने भी यहां 25 लाख रुपये की राशि जमा की थी। अवधि पूरी होने के बाद 50 लाख रुपये की मांग की गई तो कंपनी ने आनाकानी कर दी। बाद में रघुनाथ अरोड़ा ने अनाधिकृत रूप से दूसरे के अधिकार का प्रयोग करते हुए चेक दे दिया।
बैंक में जाकर पता चला कि यह खाता तो पहले ही बंद हो चुका है। अरोड़ा के अलावा उसकी साली शिवानी सुनेजा और दिल्ली के रोहिणी निवासी अकाउंटेंट को भी आरोपी बनाया गया था। धारा चौकी प्रभारी नरेश राठौड़ ने जांच में आए तथ्यों के आधार पर आरोपी रघुनाथ अरोड़ा को पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह ने बताया कि लखनऊ , कानपुर, बरेली और रामपुर में पहले ही कंपनी के खिलाफ जालसाजी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तार के प्रयास किए जा रहे हैं।
न्यूजीलैंड में है सुनेजा
धारा चौकी प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि ठगी के मामले में दूसरी आरोपी और अरोड़ा की साली शिवानी सुनेजा फिलहाल न्यूजीलैंड में बताई गई है। काशीपुर पुलिस एक मामले में उसके खिलाफ फरारी में चार्जशीट लगा चुकी है।