एक बड़े कारोबारी से लूट के इरादे को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने तीन बदमाशों को वारदात से पहले ही धर दबोचा।
बदमाशों से दो तमंचे, एक पिस्टल और आठ कारतूस बरामद किए हैं। तीन बदमाश यूपी में कई वारदातों में भी शामिल रहे हैं।
कोतवाली रुड़की में पत्रकार वार्ता में एसपी देहात अजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन बदमाश एक सेंट्रो कार से कलियर क्षेत्र में एक कारोबारी से बड़ी लूट करने जा रहे हैं। सूचना पर क्षेत्र की घेराबंदी की गई।
बदमाशों के पास से तमंचे बरामद
नहर पटरी पर संदिग्ध सेंट्रो कार दिखाई दी। पुलिस और एसओजी टीम ने कार को आफस नगर के पास घेर लिया। कार सवार तीन युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से दो तमंचे, एक पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम असलम पुत्र कासम निवासी बंगला कालोनी दौराला मेरठ, विजय कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र नथ्थन निवासी मनोहर की पट्टी दौराला मेरठ और शाहबुद्दीन उर्फ शौकीन उर्फ राजू पुत्र बशीर निवासी टंकी के पास कस्बा दौराला मेरठ बताया।
तीनों बदमाश कलियर क्षेत्र में एक कारोबारी से लूटपाट के इरादे से आए थे। बदमाशों को पकड़ने में एसओजी प्रभारी मोहम्मद यासीन, एसआई दीप कुमार, कांस्टेबल अंकुर चौधरी, चंद्रशेखर आदि के नाम शामिल हैं।
पीएनबी की वैन से लूटे थे 28 लाख
पुलिस ने जिन तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वह बेहद शातिर है। तीनों के खिलाफ यूपी के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज है। सीओ जीबी पांडे ने बताया कि मार्च 2012 को शहाबुद्दीन और विजय कुमार ने पीएनबी की वैन को लूट लिया था। बदमाशों ने वैन के गार्ड को गोली मारकर 28 लाख रुपये लूट थे।