31 दिसंबर की देर रात को हथियारबंद बदमाशों ने रानीपुर की गैस प्लांट चौकी क्षेत्र में रिसा कॉस्मेटिक कंपनी से तीन कर्मचारियों को बंधक बनाकर साढ़े पांच लाख का माल उड़ा लिया। डकैती की सूचना के कुछ घंटे के अंदर ही पुलिस ने सात बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया।
बदमाशों की निशानदेही पर गांव ब्रह्मपुरी में किराये के मकान से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया। बदमाशों के कब्जे से हथियार और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद हुई है।
गैस प्लांट चौकी क्षेत्र के प्लाट संख्या ई-54 में रिसा कॉस्मेटिक कंपनी है। यहां रिया कंपनी के परफ्यूम एवं रूम फ्रेशनर बनते हैं। 31 दिसंबर की देर रात कंपनी में सात हथियारबंद बदमाश घुस आए।
बदमाशों ने पहले सिक्योरिटी गार्ड कालू सिंह को हथियार की नोंक पर बंधक बना लिया और फिर पहली मंजिल पर बने कमरे में घुसकर सो रहे कर्मचारी देवकुमार व बलेऊ राम पर हमला बोलकर जख्मी किया।
लाखों की परफ्यूम व रूम फ्रेशनर की पेटियां बरामद
उनके हाथ पांव बांधकर और मुंह पर टेप लगा दी। मोबाइल फोन तोड़ दिए। कंपनी कैंपस से कई चक्कर में कार से परफ्यूम एवं रूम फ्रेशनर की पेटियां ठिकाने पर पहुंचाई।
एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि इसी दौरान एक कर्मचारी बलेऊ राम ने किसी तरह खुद को बंधन मुक्त कर सूचना कंपनी के अधिकारियों को दी। कंपनी के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने कृपालु नगर आश्रम के पास मुठभेड़ के दौरान सभी बदमाश दबोच लिए। जिनके कब्जे से दो देसी तमंचे, कारतूस, पांच चाकू व कार से कुछ लूटे गए माल की पेटियां बरामद हुई। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर गांव ब्रह्मपुरी में किराये के मकान से लूट गई माल की पेटियां बरामद कर ली गई। लूटी गई करीब 58 पेटियों की कीमत साढ़े पांच लाख रुपये है।
नौकरी खोजने के बहाने करते थे कंपनियों की रेकी
आरोपियों ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर दावत उड़ाने के बाद डकैती की योजना बनाई थी। ये सब नौकरी खोजने के बहाने से कंपनियों की रैकी करते थे। एक माह पूर्व इस कंपनी की रैकी की थी।
पुरोहित गैंग सरगना
गैंग का सरगना पुरोहित गिरि है। उसी ने ही पूरे घटनाक्रम का ताना बाना बुना था। ये पूर्व में भी बहादराबाद क्षेत्र की गोयल इलेक्ट्रोनिक्स में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके है। उस घटना की भी जांच में अब पुलिस जुट गई है।
ये हैं गिरफ्त में आए डकैत
- मोहित पुत्र प्रेम निवासी आसिफाबाद थाना परीक्षितगढ़ मेरठ
- संदीप पुत्र देवेंद्र निवासी पंवाडी थाना दौराला मेरठ
- अमित पुत्र रघुवीर निवासी समसपुर परीक्षितगढ़ मेरठ
- अरुण कुमार पुत्र धीर सिंह निवासी कंहेडा कंकरौली मुजफ्फरनगर
- रोहित पुत्र रामसूरत निवासी गांव सहरा आलापुर अंबेडकरनगर
- राहुल पुत्र महिपाल निवासी गांव आसमाबाद मवाना मेरठ
- पुरोहित गिरि पुत्र प्रेम गिरि निवासी आसमाबाद मवाना मेरठ।