पिरान कलियर पुलिस ने केबल चोर गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पांच चोर दबोचे है। आरोपियों के कब्जे से केबल, सिटी ट्रांसफार्मर, तीन देसी तमंचे, धारदार हथियार और एक लग्जरी कार बरामद की है।
एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात एसओ महेश जोशी ने चेकिंग के दौरान नहर पटरी पर काले रंग की लग्जरी कार रोक ली।
तलाशी लेने पर असलहा बरामद
कार में सवार रहे पांच युवकों की तलाशी लेने पर असलहा व धारदार हथियार बरामद हुए। थाने लाकर की पूछताछ में युवकों ने कबूला कि उन्होंने क्षेत्र में कई केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 45 मीटर केबल एवं एक 33 केवी का ट्रांसफार्मर बरामद कर लिया। एसएसपी के अनुसार आरोपियों के नाम राशिद पुत्र हसन अली निवासी शेरपुर जिला मुजफ्फरनगर, अविनाश पुत्र राजेंद्र निवासी गांव सिमली लक्सर, रिंकू पुत्र संजीत पुत्र उदय चंद निवासी झूजेला शिवालकलां बिजनौर, विकास पुत्र अजय कुमार निवासी रामपुर सूरजनगर मुरादाबाद एवं ब्रिजेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी गावं खेराबाद हलदौर जिला बिजनौर है। इस दौरान एसपी देहात परमेंद्र डोबाल मौजूद रहे।