कोटद्वार के लैंसडौन तहसील के ल्वींठा गांव में पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी शौचालय निर्माण योजना में धांधली के खिलाफ आवाज उठाने पर दबंगों ने बुधवार सुबह एक बुजुर्ग की लाठी और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मृतक के बेटे ने ग्राम प्रधान के पिता और भाई के खिलाफ हत्या के आरोप में लैंसडौन राजस्व पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन राजस्व पुलिस ने 24 घंटे बाद भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
हालांकि, एसडीएम सोहन सिंह सैनी का कहना है कि राजस्व पुलिस को यह मामला हत्या की धाराओं में दर्जकर विवेचना करने तथा नायब तहसीलदार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
इस घटना ने दिल्ली में मई माह में हुई उस घटना की याद भी ताजा कर दी, जिसमें दिल्ली विवि के छात्रों के एक समूह ने ई-रिक्शा चालक को इसलिए पीट-पीटकर मार डाला था कि उसने उन्हें खुले में पेशाब करने से रोका था।
तब मामले में ई-रिक्शा चालक के परिजनों को दिल्ली सरकार ने पांच लाख रुपये देने की घोषणा की थी, वहीं तत्कालीन केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू ने भी पीड़ित परिवार को पूरा समर्थन दिया था।