भगवान राम एवं श्रीकृष्ण को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने पर कनखल थाना क्षेत्र के कई गांवों में तनाव फैल गया है। पोस्ट डालने वाला भीम आर्मी का सदस्य बताया गया है। यह मामला सामने आने पर हिंदू संगठनों ने कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
वाल्मीकि समाज और बजरंग दल समेत कई संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। देर रात मामले में आरोपी युवक के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
मिस्सरपुर निवासी एक युवक ने भगवान राम के परिवार और सीता के चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणी फेसबुक पर अपलोड कर दी। हिंदूवादी संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई। उधर वाल्मीकि समाज की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ कनखल थाने में तहरीर दी गई।
fb crime
बजरंग दल के प्रदेश संयोजक अनुज वालिया, सौरभ चौहान और वाल्मीकि समाज के नवीन तेश्वर के नेतृत्व से बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कार्यकर्ता कनखल थाने पहुंचे और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
रविवार रात तक आरोपी की गिरफ्तारी की मांग लेकर हंगामा चलता रहा। पुलिस ने किसी तरह लोगों पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उनको शांत कराया गया। वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष नवीन तेश्वर की तहरीर पर मिस्सरपुर निवासी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुकदमे में आरोपी का नाम नहीं खोला गया है। कनखल के थानाध्यक्ष अनुज सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लेकर युवक से पूछताछ की जा रही है। हंगामा करने वालों में लक्ष्मण कटारिया, प्रदीप सक्सेना, शिवम बिष्ट, बंटी, नितेश, रितेश, नितिन समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।