हरिद्वार के ज्वालापुर में दिनदहाड़े एक महिला की घर में घुसकर किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। स्कूल से घर पहुंचे बच्चों ने जब मां को अचेत देखा तो पड़ोसियों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद से ही पति का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस पति पर शक जता रही है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लड्डू विक्रेता है पति
मूल रूप से रामपुर निवासी (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) मुकेश आठ साल से लाल मंदिर कालोनी ज्वालापुर, हरिद्वार में परिवार समेत रहता है। पेशे से लड्डू विक्रेता मुकेश रोजाना की भांति बृहस्पतिवार सुबह भी सिडकुल में लड्डू की सप्लाई के लिए निकला था।
बेटी शिवी, बेटा चिराग व छोटी बेटी खुशी सुबह स्कूल चले गए। दोपहर डेढ़ बजे घर पहुंचा बेटा खाना खाने के बाद फिर स्कूल चला गया।
स्कूल से आने पर बेटे ने देखा
दोपहर करीब साढे़ तीन बजे चिराग और छोटी बहन खुशी घर पहुंचे। मुख्यद्वार खोलकर वे अंदर घुसे। कमरे के दरवाजे पर कुंडी लगी थी और अंदर साउंड सिस्टम तेज आवाज से बज रहा था।
कमरे का दरवाजा खोलकर चिराग अंदर घुसा। मां अनुराधा (38) जमीन पर अचेत पड़ी थी और मुंह पर पायदान पड़ा हुआ था। बेटे ने जब पायदान हटाया तो खून बहता देखकर उसके होश उड़ गए।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
बेटा भागकर पड़ोसियों के पास पहुंचा और इसकी जानकारी दी। तब तक बड़ी बेटी भी स्कूल से पहुंच गई। पड़ोसियों की सूचना पर एसपी सिटी एसएस पंवार, सीओ सदर राजेश भट्ट और कार्यवाहक कोतवाल अनुज सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया। एसपी सिटी एसएस पंवार ने बताया कि वजनदार वस्तु से महिला के सिर पर वार कर हत्या की गई है।
घटना के बाद से पति लापता है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पति की तलाश की जा रही है। होमीसाइड सेल को घटना की जांच सौंप दी है।
बच्चे बोले, पापा शक करते थे
पुलिस पूछताछ में मासूम बच्चों ने बताया कि पापा मम्मी पर शक करते थे। लेकिन मां उसका विरोध करती थी। अक्सर दोनों में कहासुनी होती रहती थी। बृहस्पतिवार को पापा का व्यवहार भी बदला हुआ था।
जीजीआईसी कक्षा छह में पढ़ने वाली बेटी शिवी ने पुलिस को बताया कि पापा, मम्मी से सही बर्ताव नहीं करते थे। पापा के घर खर्च न देने पर मम्मी सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में नौकरी करती थी। लेकिन, पापा के दबाव में मम्मी ने नौकरी छोड़ दी थी।
हथियार की तलाश में खंगाला घर
हत्या में प्रयुक्त वजनदार वस्तु की तलाश में पुलिस ने घर का चप्पा-चप्पा खंगाला। लेकिन सफलता नहीं मिली। एक कमरे में लड्डू बनाने का काम होता था। उसमें लड्डू बनाने में इस्तेमाल होने वाली कढ़ाई व खोमचे थे। लेकिन इनके बीच भी कोई वजनदार वस्तु नहीं मिली।