उत्तराखंड के लक्सर में साली की शादी में आए बिजनौर के एक युवक की सोमवार सुबह बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
गोली उस समय मारी गई जब वह दुल्हन को मेकअप कराने के लिए ब्यूटी पार्लर लेकर जा रहा था। विवाह की सारी खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस दुल्हन और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सोमवार को ग्राम कलसिया निवासी वीर सिंह की बेटी की बारात पास के गांव पीठापुरी से आई थी। वीर सिंह का बड़ा दामाद अनिल कुमार (30) पुत्र चंद्रपाल निवासी ग्राम फतेहपुर, बिजनौर अपनी पत्नी ममतेश दो बच्चों और मां माया देवी के साथ शादी में शामिल होने आया था।
तमंचा सटा कर गोली मारी
सुबह करीब दस बजे बारात गांव में पहुंच गई। बाराती जब चाय नाश्ता कर रहे थे तभी अनिल दुल्हन को बाइक से ब्यूटी पार्लर ले जाने के लिए चल दिया। अनिल का तीन वर्षीय का बेटा भी उनके साथ था।
जैसे ही यह तीनों ग्राम सैदाबाद के तिराहे के पास पहुंचे तो युवती बाइक रुकवाकर लघुशंका के लिए चली गई। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए और अनिल के सीने पर तमंचा सटा कर गोली मारकर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल अनिल को राहगीरों की मदद से पुलिस ने लक्सर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के पीछे पुरानी रंजिश
इसके बाद शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। बारातियों की भीड़ अस्पताल में जमा हो गई। मृतक की पत्नी और मां बिलखते हुए कई बार बेहोश हुई। पुलिस ने दुल्हन और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने एसपी देहात अजय सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और खानपुर थाने में पहुंचकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि अभी तक घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश होना बताया जा रहा है। अनिल पिछले कुछ समय से ज्वालापुर हरिद्वार स्थित घास मंडी के पास किराये के मकान में रहता था और हरकी पैड़ी के आसपास फोटोग्राफी कर अपने परिवार का लालन पालन कर रहा था।