एक वर्ष पूर्व एसटीएच से कैदी भगाने में भी सिपाहियों की थी साजिश
वर्ष 2017 में हल्द्वानी एसटीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया विचाराधीन कैदी चंद्रप्रकाश पांडे भी रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। तीन माह बाद चंद्रप्रकाश के लापता होने की भनक लगने पर पुलिस की ओर से की गई जांच में चंद्र प्रकाश की निगरानी में लगे सिपाही अशोक कुमार और ललित की ओर से पुलिस लाइन के गणना मुहर्रिर की मदद से कैदी को दिल्ली ले जाकर मुंबई पहुंचाने का खुलासा हुआ। इसके आधार पर अशोक और ललित के साथ ही गणना मुहर्रिर को भी निलंबित किया गया था।
इंटरनेट फोन इस्तेमाल करने का अंदेशा
हापुड़ यूपी से हत्यारोपी राजा के फरार होने के कुछ देर बाद ही रुद्रपुर से उसकी मां और बहन के भी लापता हो जाने से पुलिस इस बात का अंदेशा लगा रही है कि राजा ने इंटरनेट कॉल के माध्यम से परिजनों को सूचना दी होगी। वहीं, पुलिस इस बात का भी अंदेशा जता रही है कि मुंबई में राजा की गिरफ्तारी के बाद ही उसके परिजनों को उसके पकड़े जाने का पता चल गया था।
कैंटर चालक की मिलीभगत का भी अंदेशा
यूपी में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए राजा के मामले में इस बात का भी अंदेशा जताया जा रहा है कि कार को टक्कर मारने वाला कैंटर चालक पहले से ही पुलिस का पीछा कर रहा था। इसके बाद मौका देखकर उसने राजा को छुड़ाने के लिए कार में टक्कर मारी और फरार हो गया।
राजा को लाने में लापरवाही बरती गई : शकील अहमद
समीर अहमद हत्याकांड के आरोपी रंदीप उर्फ राजा के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की सूचना से परिजन सन्न रह गए। समीर के भाई शकील अहमद ने बताया कि राजा बेहद शातिर है, इस बात की जानकारी उन्होंने स्थानीय पुलिस को मुंबई रवाना होने से पहले ही दी थी। शकील का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने उसे लाने में लापरवाही बरती। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह वह एसएसपी डॉ. सदानंद दाते से मिलेंगे।