ट्यूशन पढ़कर लौट रही पांचवीं कक्षा की छात्रा को एक युवक ने अगवा करने का प्रयास किया। शोर-शराबा होने पर लोगों ने युवक को पकड़कर जमकर पिटाई की और आधे घंटे तक कमरे में बंधक बनाए रखा।
बुधवार को सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को लोगों के कब्जे से छुड़ाकर ट्रांजिट कैंप थाने ले आई। भीड़ ने आरोपी को सौंपने की मांग को लेकर थाने में घुसने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए परिजन और जनप्रतिनिधियों को छोड़कर किसी को अंदर नहीं आने दिया।
छात्रा के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। आरोपी ने पूर्व में भी एक अन्य छात्रा की भी अपहरण की कोशिश की थी। युवक हाल निवासी बिलासपुर और मूलरूप से मिलक रामपुर का रहने वाला है। ट्रांजिट कैंप के एच ब्लॉक में रहने वाले शिवेंद्र नाथ नंदी की पुत्री शिवली (12) पांचवी कक्षा की छात्रा है।
शिवेंद्र संजयनगर खेड़ा में सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। बुधवार की शाम शिवली रोजाना की तरह जगतपुरा में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। रास्ते में एक अनजान युवक ने उसे रोक लिया और पापा के सामान मंगाने की बात कहकर अपने साथ ले जाने लगा।
दोनों पैदल अटरिया पुल के पास पहुंचे ही थे कि शिवली की सहपाठी के मामा जगतपुरा के हरीश मलिक ने शिवली को रोककर युवक के साथ जाने का कारण पूछा। इस पर शिवली ने युवक सामान मंगाने की बात बताई। युवक पूछताछ की तो वह हड़बड़ाकर भागने लगा।
हरीश ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। शोर-शराबा होने पर एकत्र भीड़ ने छात्रा को अगवा करने का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर पिटाई कर कपड़े भी फाड़ डाले। लोग ई-रिक्शा में बैठाकर युवक को छात्रा के घर ले गए और आधे घंटे तक बंधक बनाने के बाद युवक को पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस घर के बाहर खड़ी भीड़ से किसी तरह युवक को बचाकर थाने ले आई और हवालात में डाल दिया। आक्रोशित भीड़ ने चौकी में घुसने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने गेट पर ही रोक दिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुनील रस्तोगी निवासी शारदा कालोनी बिलासपुर और मूलरूप से ग्राम करमचा थाना मिलक रामपुर का निवासी बताया।
उसने कहा कि टेलरिंग का काम करता है। वह छात्रा से पता पूछ रहा था। इधर एसआई डीआर टम्टा ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।