नौकरी का झांसा देकर लालतप्पड़ लायी गई युवती से वेश्यावृत्ति कराने के मामले में पुलिस ने सरगना महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार चल रहा है।
मंगलवार को ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध हालत में लालतप्पड़ पुलिस चौकी लायी गई युवती ने एक महिला और एक पुरुष पर दिल्ली से नौकरी दिलाने का झांसा देकर क्षेत्र में वेश्यावृत्ति कराने का आरोप लगाया था।
मामले में उनके खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को सुरागकशी के दौरान आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती को नारी निकेतन भेज दिया
उसकी पहचान श्यामा देवी निवासी लालतप्पड़ माजरीग्रांट के रूप में हुई है। महिला को पुलिस मुख्य आरोपी बता रही है। जबकि मामले में वारिश अहमद अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने बताया कि वारिश कांग्रेस पार्टी से जुड़ा रहा है।
उसके खिलाफ मारपीट के मामले भी दर्ज हैं। कोतवाल कमलेश नम्बूरी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। युवती को नारी निकेतन भेज दिया है।
उधर, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि वारिश कांग्रेस का सदस्य नहीं है और न ही वह अनुषांगिक संगठन में पदाधिकारी है।