उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में बेखौफ बदमाशों ने वकील के घर को निशाना बनाकर पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। दिनदहाड़े वकील के घर में घुसे बदमाश तमंचे के बल पर महिला को बंधक बनाकर दो लाख रुपए लूटकर ले गए। लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
रविवार को वार्ड नंबर आठ निवासी वकील मदन लाल के घर में करीब तीन बजे दो बदमाश घुस गए। घर पर मदन की पत्नी प्रेमलता थीं। बदमाशों ने प्रेमलता से पहले वकील और उनके पुत्र के बारे में जानकारी ली। जब पत्नी ने उनके घर पर नहीं होने की बात कही तो बदमाशों ने प्रेमलता को बंधक बना लिया और अलमारी की चाबी ले ली।
इसके बाद बदमाश अलमारी में रखी करीब दो लाख की नगदी लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना पर स्थानीय लोगों, वकीलों और व्यापार मंडल ने रोष जताया है।