उत्तराखंड के रामनगर में एक दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता का सटोरियो ने अपहरण कर लिया। अज्ञात स्थान पर ले जाकर उन्होंने उसकी पिटाई कर अधमरा कर दिया। पुलिस ने चार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहल्ला बंबाघेर निवासी राजीव अग्रवाल मोनू ने पिछले दिनों सट्टे के कारोबार की खबर लिखी थी। इससे सटोरिए बौखला गए। बुधवार की रात उन्होंने कोसी बैराज से से मोनू का अपहरण कर लिया। अज्ञात स्थान पर ले जाकर उन्होंने मोनू की जमकर पिटाई की।
आरोप है कि फायर भी झोंका गया। उसके बाद पर्स और मोबाइल भी छीन लिया। आरोपियों के चंगुल से किसी तरह छूटे मोनू रात में मुश्किल से घर पहुंचे तो सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस की मदद न मिलने पर ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी ने मोनू का उपचार कराया।
चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, एक गिरफ्तार
अरेस्ट
- फोटो : demo
सिर की चोट के कारण एसटीएच हल्द्वानी में सीटी स्कैन तक कराना पड़ा। इस दौरान मोनू के बड़े भाई पंकज अग्रवाल और भतीजे हनी अग्रवाल के साथ भी मारपीट की गई। मोनू के बड़े भाई पंकज अग्रवाल की तहरीर पर शकील, वसीम, शानू, आयुष को नामजद कर शकील को गिरफ्तार किया गया है।
उनके अन्य अज्ञात साथियों की भी तलाश की जा रही है। इनके विरुद्ध आईपीसी की धारा 147, 148, 307, 324, 541, 364ए, 394, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है। कोतवाल संजय पांडे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। इसका मामला डीएम स्तर पर लंबित है। अब इस मुकदमे की कॉपी भेजकर आरोपियों को जिला बदर करने की अनुशंसा की जा रही है।