उत्तराखंड के रुड़की में पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से छह कार बरामद की गई है। इनमें से तीन कारें दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि एक बोलेरो कार पार्षद की है। पुलिस के अनुसार तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
शुक्रवार को कोतवाली में एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने बताया कि वाहन चोर गिरोह को पकड़ने के लिए एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, एसपी प्रहलाद नारायण मीणा और एसओजी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर 29 जनवरी की शाम चेकिंग करते समय बोलेरो कार को रोक लिया।
इसमें सवार युवकों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि जिस कार में वह सवार हैं, वह रुड़की नगर निगम पार्षद बेबी खन्ना की है। यह कार पिछले माह चोरी हो गई थी। आरोपियों ने अपने नाम अमित निवासी गांव नगली महासह थाना खतौली, संजय कुमार गांधी नगर थाना नई मंडी मुजफ्फरनगर तथा मोईन एवं फरजान निवासी गांव अंती थाना खतौली जिला मुजफ्फरनगर बताया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लक्सर से चोरी हुई दुग्ध संघ शिकारपुर के चेयरमैन डा. रणवीर सिंह की बोलेरो कार तथा कनखल से चोरी हुई सिलवर रंग की इंडिका कार समेत छह कार बरामद की। इसमें से सफेद रंग की आल्टो, काले रंग की वरना तथा एक सफारी कार दिल्ली से चोरी की र्गई थी।