राजधानी देहरादून में पुलिस ने बल्लूपुर रोड स्थित एक घर में चल रहे रेस्टोरेंट बार में छापा मारकर 25 युवक-युवतियों को शराब पीते पकड़ा है।
इनमें अधिकतर छात्र-छात्राएं शामिल हैं। रेस्टोरेंट को सीज कर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने युवक-युवतियों को चेतावनी देकर उनके घरवालों के सुपुर्द कर दिया।
हुक्का बार सीज कर दिया
पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली कि अलकापुरी में आकाश नाम का युवक घर में बार और रेस्टोरेंट चला रहा है। पहले आकाश क्षेत्र में हुक्का बार चलाता था जिसे सीज कर दिया गया था।
शुक्रवार को सीओ सिटी एचसी सती के नेतृत्व में पुलिस ने आकाश के घर में चल रहे रेस्टोरेंट पर छापा मारा तो वहां युवक-युवतियां शराब के नशे में नाचते-गाते मिले।
पुलिस के पहुंचते ही युवक वहां से भागने लगे तो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। परिजनों को चेतावनी दी गई है कि अगर भविष्य में वे नशा करते पकड़े गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।