किराए पर रही महिला के पति को घर से बाहर निकलता देख गार्ड कमरे में चला गया। वहां देखा तो रजाई के नीचे से खून निकल रहा था। उसने रजाई हटाई तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
सहसपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में एक व्यक्ति ने उसकी पत्नी के किसी गार्ड के साथ अवैध संबंध होने के शक के चलते उसने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि राजकुमार पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम फीना, थाना शिवाला कलां, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) पत्नी कुसुमलता (40) के साथ शंकरपुर-हुकमतपुर निवासी जयपाल सिंह के मकान में तीन माह से किराए पर रह रहा था। वह दिहाड़ी पर मजदूर है जबकि कुसुम लता पास ही स्थित एक लॉ कॉलेज में गार्ड थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब सवा आठ बजे गार्ड की नौकरी करने वाला मकान मालिक जयपाल ड्यूटी से घर लौटा तो उसने राजकुमार को कुल्हाड़ी के साथ कमरे से बाहर जाते हुए देखा। राजकुमार के कपड़े भी खून से सने थे।
जब उसने राजकुमार को रोकने के लिए आवाज दी तो वह भाग गया। शक होने पर जयपाल उसके कमरे में पहुंचा। वहां दीवारों पर खून के छींटे लगे थे। जब उसने फर्श पर फैली रजाई हटाई तो कुसुमलता मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके चेहरे पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था। जयपाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची एसपी देहात सरिता डोभाल और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जयपाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शाम करीब साढ़े तीन बजे आरोपी को पुलिस ने गांव के पास स्थित गन्ने के खेत से गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र भंडारी ने बताया कि आरोपी राजकुमार मानसिक रूप से बीमार है। पड़ोस के लोगों ने पूछताछ में यह बात पुलिस को बताई है। लोगों के अनुसार उसका इलाज कस्बे में स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चल रहा है। आरोपी के तीन बच्चे हैं, जो गांव में दादा-दादी के साथ रह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।