हरिद्वार में मजार के पास से अपहरण की फर्जी सूचना पर जंगल की खाक छानकर लौटी पुलिस को छात्रा घर पर मिली।
पूछताछ में छात्रा ने स्वीकार किया कि उसका किसी ने अपहरण ने किया था। वह स्वयं लड़कों के साथ गई थी। किसी पक्ष की ओर से शिकायत न मिलने पर पुलिस ने युवक को पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया है।
जंगल में छात्रा की तलाश
नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक युवक ने सूचना दी कि उसके साथ आई छात्रा का चार युवकों ने अपहरण कर लिया है।
आननफानन में पुलिस ने आमजनों के साथ जंगल में छात्रा की तलाश और कांबिंग की। खोजबीन के दो घंटे बाद छात्रा ने युवक को फोन कर सूचना दी कि वह चंडीघाट पर हैं। लेकिन पुलिस को लड़की वहां नहीं मिली।
अपहरण का मामला निकला नाटक
मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस छात्रा के घर पहुंची। वहां पूछताछ में छात्रा ने बताया उसका अपहरण नहीं किया था। अपनी मर्जी से वह युवकों के साथ गई थी। यह भी पता चला जिस समय छात्रा ने अपने को चंडीघाट पर बताया था उस समय वह कनखल क्षेत्र में थी।
नगर कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि छात्रा और उसके परिजनों को चेतावनी दी गई है। जबकि युवक सूरज निवासी सुगरासा को पूछताछ कर छोड़ दिया है।