बीते सोमवार को ऋषिकेश में गंगा में छलांग लगाने के बाद पानी में लापता युवती की पहचान न्याय पंचायत थानों के कुड़ियाल गांव की ज्योति खत्री पुत्री पूरण सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक ज्योति एक दिन पहले बिना बताए घर से निकली थी। गंगा में छलांग लगाने से पहले युवती ने मां से मोबाइल पर बात की थी।
तब युवती ने कहा था कि उसे मत ढूंढना, वह दूर जा रही है और फोन काट दिया। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
अखबार पढ़कर घाट पर पहुंचे परिजन
मंगलवार सुबह अमर उजाला में खबर पढ़ने के बाद दोपहर युवती के मौसा और अन्य तीन रिश्तेदार त्रिवेणीघाट चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने घटना के चश्मदीद युवक को उसकी फोटो दिखाई।
फोटो देखने के बाद युवक ने बताया कि गंगा में यह लड़की ही कूदी थी। पुलिस ने बताया कि पिता पंजाब स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में जॉब करते हैं।
राजकीय इंटर कालेज थानों में अध्ययनरत ज्योति ने इस साल 12वीं की परीक्षा दी थी। परीक्षा के नतीजे में वह फेल हो गई थी। हालांकि फेल होने पर किसी तरह का तनाव नहीं था। पुलिस ने लिखित कार्रवाई के बाद चश्मदीद युवक को भी छोड़ दिया।
युवक से मेलजोल पर मां ने लगाई थी डांट
युवती के मौसा ने बताया कि कालूवाला के किसी युवक से उसका मेलजोल था। कई बार उसे टोका भी। कुछ दिन पहले मां ने मिलने पर उसे फटकार भी लगाई थी। संभवत: गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया हो। पिता पंजाब रहते हैं। घर पर मां और एक छोटा भाई है।
ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही थी
परिजनों के मुताबिक ज्योति फेल होने के बाद जौलीग्रांट में नानी के घर रहकर भानियावाला में ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही थी। बीते सोमवार को वह ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली एक सहेली को कालूवाला अपनी बुआ के घर जाने की बात कहकर निकली थी।