दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रुड़की निवासी कुख्यात चीनू पंडित को बृहस्पतिवार को रुड़की जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, मंगलौर में एक वकील की हत्या की साजिश रचने के मामले में चीनू को रुड़की कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच वापस रुड़की जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि चीनू पंडित ने रुड़की जेल में शिफ्ट करने की मांग न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की कोर्ट से की थी। एक माह पूर्व चीनू को तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। चीनू पर इंजीनियर राधेश्याम हत्याकांड का मामला दिल्ली की एक कोर्ट में चल रहा है। इंजीनियर राधेश्याम हत्याकांड के मामले में चीनू पंडित को रुड़की से तिहाड़ जेल शिफ्ट किया गया था। पिछले कुछ समय से कुख्यात सुनील राठी भी तिहाड़ में बंद है। सुनील राठी के साथ तिहाड़ जेल में बंद होने से चीनू पंडित काफी सहमा हुआ था।
बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद से ही सुनील राठी से उसे ज्यादा खतरा महसूस हो रहा था। चीनू के वकील की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद उसे रुड़की जेल में शिफ्ट करने के आदेश जारी हुए थे। बृहस्पतिवार को चीनू को रुड़की जेल में लाया गया। इससे पहले चीनू को मंगलौर में एक वकील की हत्या की साजिश रचने के आरोप में रुड़की रामनगर कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान गंगनहर पुलिस के अलावा एसओजी भी तैनात रही। पेशी के बाद चीनू को भारी सुरक्षा के बीच रुड़की जेल में शिफ्ट कर दिया गया।