हरिद्वार के रुड़की में तीन युवकों द्वारा दसवीं की एक छात्रा का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है।
घर से स्कूल जाने के लिए निकली छात्रा का अपहरण कर आरोपी उसे फकरेड़ा स्थित गन्ने के खेत में ले गए। वहां आरोपियों ने छात्रा के साथ मिलकर बलात्कार किया।
बलात्कार के बाद बदहवाश हालत में खेत में ही छोड़कर आरोपी फरार हो गए। छात्रा के शरीर पर पड़े घाव हैवानियत की निशानी बता रहे हैं। छात्रा के शरीर पर कई जगह दांतों के निशान मिले हैं।
शिकायत पर पुलिस ने छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बदहवास हालत में घर पहुंची छात्रा
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय लड़की दसवीं कक्षा की छात्रा है। मंगलवार को वह घर से स्कूल जा रही थी। जैसे ही वह घर से कुछ आगे निकली तो रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपी छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ भगवानपुर-चुड़ियाला क्षेत्र स्थित फकरेड़ा गांव में गन्ने के खेत में ले गए। वहां आरोपियों ने छात्रा के साथ गैंगरेप किया।
इसके बाद आरोपी छात्रा धमकी देते हुए बदहवाश हालत में छोड़कर भाग गए। किसी तरह से छात्रा घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
चेहरे और शरीर पर दांतों के निशान
किशोरी के साथ गैंगरेप की जानकारी मिलते ही परिजन सन्न रह गए। रात के समय ही किशोरी को लेकर परिजन लेकर गंगनहर कोतवाली पहुंचे, लेकिन घटनास्थल दूसरी जगह का होने के चलते पुलिस ने उन्हें भगवानपुर थाने भेज दिया।
पुलिस ने छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। आरोपी युवक फकरेड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। छात्रा के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर दांत से काटे जाने के निशान पुलिस को मिले हैं।
थानाध्यक्ष गिरीश चंद शर्मा का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।