युवक को मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर नब्बे हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी कोशी कुमार ने कोर्ट में प्रार्थना कर बताया कि शेर सिंह ने मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे एक लाख दस हजार रुपए की मांग की। कोशी कुमार का आरोप है कि शेर सिंह ने उसकी मुलाकात मित्रे सिंह निवासी खेड़ी कला तथा राजेन्द्र निवासी पानीपत व सुभाष निवासी करनाल हरियाणा से कराई।
तथा उक्त चारों लोगों ने उसके बेटे की बहुत जल्दी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन बाद में शेर सिंह ने उसे कुछ पैसे एडवांस देने की बात कही। जिस पर उसने 33 हजार रुपये की धनराशि शेर सिंह को नगद दे दी। बाकी के सत्तावन हजार रुपये उसके बैंक खाते में डलवा दिए।
कोशी कुमार का आरोप है कि पैसे लेने के बाद उक्त चारों लोगों ने उसे इधर-उधर की बातें बताना शुरू कर दिया। ना ही उसके बेटे की नौकरी लगवाई तथा पैसे देने से भी साफ इंकार कर दिया।
कोशी कुमार ने कोर्ट को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाल नवीन चंद सेमवाल का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।