जालसाजों ने एमबीबीएस में प्रवेश के नाम पर श्रीनगर गढ़वाल के एक परिवार से पांच लाख रुपए ठग लिए।
एसएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट निवासी मोहन प्रसाद डिमरी ने इस संबंध में एसएसपी अजय रौतेला से शिकायत की थी।
लखनऊ या हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का दावा
उन्होंने बताया कि एमबीबीएस में प्रवेश से संबंधित विज्ञापन एक समाचार पत्र में प्रकाशित हुआ था। अपनी बेटी के दाखिले के लिए उन्होंने विज्ञापन में दिए गए फोन नंबर पर संपर्क किया तो लखनऊ या हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का दावा किया गया।
पहले 15 लाख रुपए की मांग की गई थी, लेकिन फिर 10 लाख में बात तय हो गई थी। आरोपी ने ऋषिकेश बुलाकर एक लाख रुपए और बेटी के मूल दस्तावेज उनसे ले लिए। बताया कि वह फ्लाइट से दिल्ली जा रहा है। कुछ दिन बाद उसने फोन कर चार लाख का भुगतान कराने के लिए कहा।
यह रकम आईएसबीटी पर दी गई। वह बेटी को लेकर लखनऊ पहुंचे तो आरोपी का मोबाइल नंबर बंद मिला। कुछ दिन बाद संपर्क हुआ तो उन्हें आरोपी पर रकम वापस करने का दबाव बनाया।
इस पर उसने किसी और के नाम का चेक बतौर जमानत उन्हें सौंप दिया, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। एसएसपी ने पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
बढ़ा है गोरखधंधा
विज्ञापनों के माध्यमों से इन दिनों ठगी का गोरखधंधा बढ़ा है। नौकरी, टावर, मेडिकल प्रवेश, विदेश भेजने के नाम पर यह खेल चल रहा है। लगातार इस तरह की शिकायतें बढ़ रही है।
- अजय सिंह, एसपी सिटी
यह बरते सावधानियां
- विज्ञापनों पर आंख बंद कर विश्वास न करें
- यह पता कर लिया जाएं कि एंजेसी रजिस्टर्ड़ है या नहीं
- बिना रजिस्टर्ड़ एंजेसियों से लेन-देन से बचा जाए
- यदि जालसाजी का खतरा है तो पुलिस में करे शिकायत