देर रात बहादराबाद क्षेत्र के डांडीपुर गांव के कुछ शरारती तत्वों के पद्मावती फिल्म को लेकर वाट्सएप पर कमेंट करने से क्षेत्र में बवाल हो गया। कमेंट से गुस्साए अलीपुर गांव के युवकों ने डांडीपुर गांव में मारपीट और तोड़फोड़ की।
इसके जवाब में डांडीपुर के युवकों ने भी जमकर तांडव किया। इसी बीच अलीपुर के युवकों के फायरिंग करने से मामला और बिगड़ गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। जिसके बाद सभी युवक फरार हो गए।
वाट्सएप पर फिल्म पद्मावती को लेकर डांडीपुर के युवकों ने कमेंट किया जिसपर अलीपुर के युवक डांडीपुर गांव में घुस गए और उन्होंने शक के आधार पर कुछ युवकों के साथ मारपीट की। कई दो पहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए।
गुस्साए युवकों ने गांव में तोड़फोड़ भी की । इससे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना से उत्तेजित डांडीपुर गांव के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर आरोपियों को घेर लिया। यह खबर जैसे ही अलीपुर गांव में पहुंची तो कई युवक डांडीपुर पहुंच गए और उन्होंने साथियों के बचाव में गांव में फायरिंग कर दी।
मोबाइल फोन से किया गया मैसेज
गोली की आवाज सुनकर डांडीपुर में स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं घरों में कैद हो गए। मामला बिगड़ते देख जवाब में लाठी-डंडे लेकर और ग्रामीण एकत्रित हो गए।
इसी बीच सूचना पर गांव में एसएसपी कृष्ण कुमार वीके के निर्देश पर आसपास के थानों और चौकियों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ियों को देखकर दोनों गांवों के लोग मौके से फरार हो गए।
कई युवक पुलिस से बचने के लिए एक-दूसरे के घरों में घुस गए। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए गली-गली में दबिश दी, लेकिन एक भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा। उसके बाद एसएसपी के निर्देश पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
साथ ही अलीपुर गांव में भी निगरानी रखने के लिए रात को ही पुलिस टीम रवाना कर दी गई। इस संबंध में एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि डांडीपुर गांव में अराजकतत्वों के मारपीट की सूचना मिली थी।
क्षेत्र का माहौल खराब न हो इसको देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। शरारती तत्वों की शिनाख्त की जा रही है। किस युवक के मोबाइल फोन से मैसेज किया गया है उसकी जांच की जा रही है।