मध्य हरिद्वार कालोनी में रविवार देर रात प्रॉपर्टी डीलर और उसके भाई पर रंजिश के चलते कई राउंड फायर किए गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर भाग निकले । प्रॉपर्टी डीलर ने चार हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ज्वालापुर क्षेत्र की इंद्रा बस्ती के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर गुलशन पुत्र रवि ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसे देर रात एक पुराने परिचित कपिल सेठी निवासी हरियाणा ने मोबाइल फोन पर संपर्क कर होटल ली ग्रांड के पास आने को कहा। वह अपने भाई सन्नी के साथ पहुंच गया।
आरोप है कि कपिल सेठी ने अपने साथी राहुल अरोड़ा निवासी गोल गुरुद्वारा कालोनी ज्वालापुर, नवीन साड़ी इंपोरियम का स्वामी लवी पाहवा निवासी शास्त्री नगर एवं हुड्डा नाम के युवक ने उन पर हमला बोल दिया। विरोध करने पर कई राउंड फायरिंग भी की गई।
फायरिंग से अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक हमलावर फरार होने में कामयाब रहे। प्रॉपर्टी डीलर के पक्ष में कई कांग्रेसी नेता भी एकत्र होकर कोतवाली ज्वालापुर पहुंचे।
एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि दोनों पक्ष में कोई पुराना विवाद चला आ रहा है। तीन माह पूर्व भी इसी तरह विवाद हुआ था। प्रॉपर्टी डीलर की तहरीर पर सभी के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।