हथियारबंद बदमाशों ने दिवाली से पहले परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की और फरार हो गए। उत्तराखंड के डोईवाला में शुक्रवार देर रात बडावाला में एक घर पर धावा बोल हथियारबंद बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की और फरार हो गए।
सनसनीखेज वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने क्षेत्र में रातभर कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ितों के मुताबिक बदमाश कच्छे में थे। लूटपाट की घटना से गांव में दहशत है।
हथियारों से लैस थे बदमाश
बडोंवाला में मूलरूप से भरमौर हिमाचल प्रदेश निवासी गणेश थापा का आवास है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात घर के बाहर आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। तभी किसी ने आवाज दी, पुलिस है। जैसे ही गणेश की पत्नी शीला ने दरवाजा खोलने पहुंची, तभी दरवाजा तोड़कर हथियारों से लैस बदमाश धड़धड़ाते हुए अंदर आ घुसे।
कीमती सामान भी लूटा
घर वाले जब तक कुछ समझते बदमाशों ने गणेश के पुत्र अशोक के हाथ पांव रस्सी से बांध दिए। उनकी पत्नी और पुत्रवधू मीना को हथियारों की नोंक पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने करीब आधा घंटे जमकर लूटपाट की। बताया कि कीमती सामान लूटने के बाद बदमाशों ने परिजनों के ऊपर कंबल डाल दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर रातभर सघन कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाल कमलेश नंबूरी ने बताया कि घटना के समय गृहस्वामी गणेश थापा काम के सिलसिले में हिमाचल गए हुए थे। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।
सूचना देने में हिम्मत जुटाई शीला ने
बदमाशों ने सोने चांदी के जेवर, कीमती साड़ियां, कपड़े और मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने धमकाते हुए घर में मौजूद परिवार के सदस्यों से मोबाइल छिन लिए, लेकिन हिम्मत जुटाकर शीला ने किसी तरह एक मोबाइल छिपा लिया और बदमाशों के जाते ही वारदात की सूचना निवर्तमान ग्राम प्रधान बडोंवाला डबल सिंह भंडारी को दी।
पहले भी हो चुकी गांव में डकैती
बडोंवाला गांव में पहले भी दो बार लूट की बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। निवर्तमान प्रधान डबल सिंह भंडारी ने बताया कि बडोंवाला में 1994 में हुकम सिंह चौहान के घर में डकैती पड़ी और इसी रात बदमाश पड़ोस के ही गोविंद सिंह राणा के घर में भी घुसे। 1996 में गांव के सूरज सिंह राणा के घर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया। वर्ष 2013 में ठेकेदार गणेश थापा के मकान में धावा बोलकर डकैती की।
गांव में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे
बडोंवाला में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। गांव में एक ओर थानों वन रेंज का जंगल है और दूसरी ओर बडे़-बडे़ खेत हैं। यही सैकड़ों बीघा में एक बाग भी है, जो सीजन नहीं होने पर सुनसान रहता है। समीप सौंग नदी का क्षेत्र है, जहां से किसी के भी भागने के कई रास्ते मौजूद हैं।
सुरक्षा के नाम पर जौलीग्रांट पुलिस चौकी है, लेकिन चौकी में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। गिन-चुने पुलिस कर्मियों के जिम्मे हजारों की आबादी वाले गांव की सुरक्षा है। ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गांव में रात को नियमित पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।