गुजरात में काम करने गए सितारगंज के थारु जनजाति के दो सगे भाइयों में शराब पीने के बाद विवाद हो गया। शराब के नशे में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी।
गुजरात में ही किया दाह संस्कार
गुजरात पुलिस ने हत्यारोपी भाई को हिरासत में ले रखा है। वहीं, एक भाई के दूसरे भाई की हत्या करने की खबर से गांव में सन्नाटा पसर गया और ग्रामीण शोक में डूब गए। घटना की खबर सुनते ही परिजन गुजरात के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जाता है कि परिजनों द्वारा मृतक का गुजरात में ही दाह संस्कार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र के एंजनिया गांव के थारु जनजाति के दो सगे भाई गुजरात के अहमदाबाद शहर स्थित कोल्ड स्टोर में पल्लेदारी का काम करते थे। ये दोनों भाई करीब दो माह पहले एक साथ गुजरात गए थे। बताया जाता है कि शनिवार रात शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया।
इस पर 50 वर्षीय बड़े भाई ने 45 वर्षीय छोटे भाई की हत्या कर दी। गुजरात (अहमदाबाद) के कोल्ड स्टोर के अन्य मजदूरों में खलबली मच गई। गुजरात पुलिस ने हत्यारोपी भाई को हिरासत में ले लिया और नानकमत्ता के एंजनिया गांव में रहने वाले परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन गुजरात के अहमदाबाद शहर रवाना हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक के परिजन अत्यंत गरीब हैं और मजदूरी कर अपना भरण पोषण करते हैं। जिस कारण वह शव पैतृक गांव लाने के बजाय गुजरात में ही उसकी अंत्येष्टि करेंगे।
मरने वाले मजदूर के चार बेटे हैं। जिनमें सबसे बड़ा बेटा 22 साल का है। घटना जानने के लिए मृतक व हत्यारोपी के घर पर ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है।