रुड़की के बहादराबाद क्षेत्र में एक शराब के ठेके के बाहर कार सवार दिल्ली के युवक-युवतियों ने वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक पर शराब फेंकी।
विरोध करने पर उसकी जमकर धुनाई कर दी। यही नहीं उन्होंने बाइक लेकर भाग रहे युवक को पीछे से कार से टक्कर मारी। किसी तरह युवक जान बचाकर भागा और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें हाईवे पर पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
घटनाक्रम के अनुसार शनिवार की शाम खुद को दिल्ली निवासी बता रहे तीन युवक और तीन युवतियां बहादराबाद के बोंगला क्षेत्र के पास स्थित शराब के ठेके के बाहर कार खड़ी कर शराब पी रहे थे। इसी दौरान इन्होंने वहां से गुजर रहे ज्वालापुर निवासी जावेद के ऊपर शराब फेंक दी।
पुलिस ने किया अरेस्ट
गिरफ्तार
- फोटो : file photo
जावेद ने विरोध किया तो इन्होंने उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। यही नहीं जब जावेद ने बाइक लेकर भागने का प्रयास किया तो नशे में धुत युवक- युवतियों ने पीछा करते हुए उसकी बाइक में टक्कर मारी।
इससे जावेद नीचे गिर गया। किसी तरह वह उनकी गिरफ्त से निकलने में कामयाब हो गया। जावेद ने घटना के बाबत 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और बताया कि कार सवार रुड़की की तरफ निकले हैं।
वायरलेस पर मिली सूचना के आधार पर रुड़की पुलिस ने उन्हें हाईवे पर सोलानी पुल के पास रोक लिया और कोतवाली सिविल लाइंस ले आई।
यहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार सभी युवक और युवतियां शराब पिए हैं और दिल्ली में अपना स्थान बदल-बदलकर बता रहे हैं।