क्लेमेंटाउन पुलिस ने 19 साल से फरार चल रहे भगौड़े को राजस्थान के हनुमानगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। बुलंदशहर जिले के इस आरोपी पर पुलिस ने ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 1996 में पुलिस कर्मियों पर ट्रक चढ़ाने के मामले में जमानत पाने के बाद आरोपी गायब हो गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि बुलंदशहर जिले के जौली गांव निवासी जितेन्द्र कुमार ने 1996 में आशारोड़ी में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ा दिया था, जिसमें थानाध्यक्ष एसपी सिंह और आरक्षी बीरबल सिंह समेत कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक का चालान कर लिया था।
जमानत पाकर जितेन्द्र गायब हो गया था। 1998 में अदालत में पेश न होने के कारण उसके घर की कुर्की करने के साथ ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी को एसओ दिलबर नेगी और चौकी प्रभारी कोमल रावत की अगुवाई में टीम गठित की गई थी।
जांच पड़ताल में पता चला कि आरोपी जितेन्द्र राजस्थान के हनुमानगढ़ में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।