पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी के निजी चालक रणजीत की पत्नी उषा चौधरी की हत्या उसकी सगी बेटी, दामाद, दत्तक पुत्री, नाबालिग नातिन एवं बेटी के मुंहबोले भाई ने की थी। हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए कनखल पुलिस ने बेटी, दामाद, दत्तक बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटियों का मुंहबोला भाई और नातिन अभी हाथ नहीं आ सके है। हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा घर से बरामद कर लिया।
एक फरवरी को कनखल थानाक्षेत्र के जगजीतपुर में उषा चौधरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पिछले दो दिन से कनखल पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया। एसओ रितेश शाह ने बताया कि मृतका ने वर्ष 1993 में पति सोमपाल की मौत के बाद रणजीत से शादी कर ली थी।
मृतका ने गोद ली बेटी के नाम कर दी थी संपत्ति
उसकी पहले पति से दो बेटियां और एक बेटा था। बेटे की मौत हो चुकी है। वर्ष 1995 में बड़ी बेटी सोनिया की शादी कर दी थी। सोनिया अपने परिवार के साथ हरदेवधाम आश्रम, हरिपुर कलां रायवाला में रह रही थी।
मृतका ने सोनिया की ही परिचित सारिका पत्नी विशाल जुगलान निवासी रॉयल प्लॉजा अपार्टमेंट, हरिपुर कलां रायवाला को कानूनी तौर पर दत्तक पुत्री बनाया था। साथ ही वर्ष 2009 में एक लड़की प्रज्ञा को गोद लिया था और इसी के नाम संपत्ति कर दी थी।
एसओ के अनुसार सोनिया ने अपने पति पुरुसेंद्र, नाबालिग बेटी, मुंहभोले भाई प्रशांत रावत एवं दत्तक पुत्री सारिका के साथ मिलकर मां को मारकर संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई। एक फरवरी की रात को सभी टवेरा कार में सवार होकर घर पहुंचे और गला घोटकर उषा की हत्या कर दी।
हत्याकर रातभर बैठी रहीं मां की लाश के साथ
पुलिस ने बताया कि प्रशांत और पुरुसेंद्र ने उषा के हाथ-पैर मजबूती से पकड़े। सारिका व सोनिया ने गला घोंटा। इसके बाद डंडे से भी उस पर प्रहार किए। वारदात को अंजाम देकर प्रशांत, पुरुसेंद्र एवं नातिन वहां से चले गए, जबकि बेटियां लाश के पास बैठी रहीं। साक्ष्य छिपाते हुए मां के खून से सने कपड़े भी बदल दिए।
सुबह होने पर एक रिश्तेदार का फोन जब उसकी मां के मोबाइल पर आया तब मां के बीमार होने की बात कही और उसे दिखावे के लिए अस्पताल भी ले गई।
गोद ली गई सात साल की बेटी प्रज्ञा ने ही उनकी इस करतूत से पर्दा उठाया। बेटी, दामाद एवं दत्तक पुत्री को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।