कांस्टेबल सुनित हत्याकांड में आरोपी कुख्यात बदमाश इंद्रपाल को सहकर्मी कांस्टेबल विशाल कन्नौजिया ने शिनाख्त परेड में पहचाना तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कांस्टेबल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस वाले की हत्या का है आरोप
गंगनहर कोतवाली के कांस्टेबल सुनित नेगी की पिछले साल 14 अगस्त की रात को उस समय बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वह डकैती की सूचना पर डा. हिना खरे के घर पहुंचा था।
घटना के समय कांस्टेबल विशाल कन्नौजिया भी सुनित के साथ था। मामले में वांछित चल रहे इंद्रपाल निवासी नूरपुर, गाजियाबाद को पिछले दिनों गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
बी-वारंट पर लाई है पुलिस
पांच दिन पहले उसे बी-वारंट पर पुलिस रुड़की उपकारागार लाई थी। शुक्रवार को जेल में कराई गई शिनाख्त परेड में विशाल कन्नौजिया ने उसे पहचान लिया।
आरोप है कि शिनाख्त के दौरान इंद्रपाल ने कांस्टेबल को जान से मारने की धमकी दी। इंद्रपाल के खिलाफ विशाल कन्नौजिया ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी इंद्रपाल अभी भी रुड़की जेल में ही है।