रुड़की के न्यू नेहरू नगर में दिनदहाड़े घर से निकलते ही बाइक सवार ट्रांसपोर्टर को हमलावरों ने गोली मार दी। सीने में दाहिनी तरफ गोली लगने के बावजूद कारोबारी बदमाशों से भिड़ गया।
संदिग्ध हमलावर समेत तीन आरोपियों को हिरासत
इसी दौरान आरोपी का तमंचा जमीन पर गिर गया। लोगों को अपनी तरफ आते देख हमलावर बाइक और तमंचा मौके पर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में कारोबारी को सिविल अस्पताल ले गए बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। इस मामले में पुलिस ने संदिग्ध हमलावर समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। हमले का कारण कारोबार की रंजिश माना जा रहा है।
न्यू नेहरू नगर कॉलोनी निवासी राजकुमार (43) पुत्र मंगतराम बुधवार को करीब सवा ग्यारह बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। घर से कुछ दूर निकलते ही गली में एक बाइक सवार युवक ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाते आरोपी ने तमंचे से गोली चला दी।
सीने में दाहिनी तरफ गोली लगने से कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल होने के बावजूद वह हमलावर से भिड़ गया। हाथापाई के दौरान हमलावर का तमंचा मौके पर ही गिर गया। इसी दौरान शोरशराबा सुनकर कॉलोनी के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
लोगों को आता देख हमलावर अपनी बाइक छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना पर एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, एएसपी प्रहृलाद नारायण मीणा, गंगनहर कोतवाली प्रभारी डीएस भंडारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल कारोबारी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा और घटनास्थल से तमंचा और बाइक को कब्जे में लिया।
कारोबारी की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। प्रथमदृष्टया मामला कारोबार की रंजिश का लग रहा है।
बदमाशों की संख्या को लेकर संशय
कारोबारी को गोली मारने वाले बदमाशों की संख्या को लेकर शाम तक संशय की स्थिति रही। कुछ लोग तो एक हमलावर होने की बात कहते रहे जबकि कुछ लोगों ने यह बताया कि हमलावर दो थे। पुलिस भी शाम तक बदमाशों की संख्या को लेकर संशय की स्थिति में दिखी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी डीएस भंडारी ने बताया कि कारोबारी के होश में आने पर ही सही जानकारी हो पाएगी।