फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

49 गायों से भरा ट्रक पकड़ा, भड़के लोग

Wed, 31 Dec 2014 02:55 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तराखंड के रुद्रपुर में तस्करी कर लाई जा रहीं गायों से भरे ट्रक को पकड़े जाने पर लोगों ने बवाल मचा दिया। साथ ही भाग रहे ट्रक चालक समेत तीन लोगों की जमकर धुनाई लगा दी।
विज्ञापन


मौके पर पहुंचे खुफिया विभाग के जवानों ने तीनों को किसी तरह भीड़ से छुड़ाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ दिया। ट्रक से 45 जिंदा और चार मृत गायें पाई गईं। बताया जा रहा है ट्रक में गायों को बेहोशी के इंजेक्शन लगाकर रखा गया था।

मंगलवार को गायों से भरा ट्रक (एचआर38 के-1678) बिलासपुर जा रहा था। लालपुर के पास ट्रक का तिरपाल फटा होने पर किसी ग्रामीण ने ट्रक में गाय भरी देख लीं। इसकी सूचना उसने अन्य लोगों को भी दी। इस पर कुछ लोगों ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया।
विज्ञापन


भदईपुरा के पास पीछा कर रहे लोगों ने अपनी गाड़ी ट्रक के आगे लगा दी। यह देख ट्रक चालक, क्लीनर और उसमें सवार अन्य युवक भागने लगे। भीड़ ने इन्हें पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंचे एलआईयू कर्मी दिनेश बगौली और दीपक भाकुनी ने किसी तरह तीनों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर पुलिस को सौंपा। इस बीच सूचना पर विधायक राजकुमार ठुकराल और बीज प्रमाणीकरण संस्था अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ समेत हजारों लोग मौके पर एकत्र हो गए।

उग्र हुई भीड़, पुलिस ने भांजी लाठियां

भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। ट्रक में 45 जिंदा और चार मृत गायें मिलीं। आक्रोशित भीड़ को देखते हुए किच्छा, गदरपुर, पंतनगर थाना समेत पीएसी को भी मौके पर बुला लिया गया। एडीएम (कानून-व्यवस्था) आशीष भटगई भी मौके पर पहुंच गए।

इस बीच भीड़ ने ट्रक के टायरों की हवा निकालकर आग लगाने का प्रयास किया। विधायक ठुकराल व बीज प्रमाणीकरण संस्था अध्यक्ष बेहड़ ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। बाद में एसडीएम विजय जोगदंडे, सीओ राजीव मोहन ने पुलिस बल के साथ लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस ने किसी तरह क्रेन मंगाकर ट्रक को मौके से हटाया।

बाद में किच्छा से पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी आरके पाठक ने गायों का प्राथमिक इलाज किया। कुछ गायों को भदईपुरा और कुछ गायों को कनकपुर के गौशाला भेजा गया। उधर, पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम ग्राम नगलिया, थाना अजीमनगर जिला रामपुर निवासी हनीफ, थाना गंज के ग्राम पक्काबाग, रामपुर निवासी आरिफ और ग्राम मोनानगर, बिलासपुर जिला रामपुर निवासी गुलाब बताया।

सीओ राजीव मोहन ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। साथ ही पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि गाय कहां से आ रही थी।
विज्ञापन

हो सकती थी बड़ी घटना

यदि एसडीएम और सीओ भीड़ को लाठियां भांजकर नही खदेड़ते तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी। भीड़ इतनी आक्रोशित थी कि वह कुछ भी करने को तैयार बैठी थी। गायों को मौके से ले जाने तक एसडीएम बीच-बीच में भीड़ को खदेड़ते रहे।

15 मिनट में आए सौ फोन
आरोपियों को पकड़े जाने के बाद जब खुफिया विभाग के जवानों ने एक आरोपी का मोबाइल कब्जे में लिया तो उसी समय 15 मिनट में करीब सौ फोन आए।

कई घंटे तक नहीं पहुंचे पशु चिकित्सक
ट्रक में गायों को बेहोशी के इंजेक्शन लगाकर रखा गया था। जब गायों को गौसेवकों ने ट्रक से उतारा तो कई बेहोश थीं। इस पर मौजूद कई लोगों ने उच्चाधिकारियों को फोन कर पशु चिकित्सक भेजने को कहा। लेकिन पशु चिकित्सक कई घंटे तक नहीं पहुंचे। बाद में किच्छा के पशु चिकित्सक ने पहुंचकर गायों का इलाज किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें