शादी समारोह में डीजे पर डांस करते करते एक युवक हवाई फायरिंग करता रहा। इस दौरान गोली एक मासूम की जांघ में धंस गई। घटना से विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
तमंचे से की गई फायरिंग में किशोर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। मासूम के परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है। मामले को पंचायत में निपटाने का प्रयास किया जा रहा है।
चंदननगर निवासी रवि हाल्दार के पुत्र देबू की शादी वार्ड सात निवासी चंदन सरकार की बेटी से तय हुई थी। सोमवार की रात गांव से वार्ड सात के लिए बारात रवाना हुई। बाराती बैंडबाजे की धुन पर नाचते-गाते पैदल चल रहे थे।
बारात में गांव का ही एक युवक तमंचे से हवाई फायरिंग भी कर रहा था। बारात के पंडाल में पहुंचने के बाद जब बाराती डीजे पर डांस करने लगे तो यहां भी उक्त युवक तमंचे से हवाई फायरिंग करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक फायर करने के लिए तमंचे में कारतूस भर रहा था कि अचानक ट्रिगर दब गया। तमंचे से निकली गोली डीजे पर नाच रहे गांव के ही शिवसरकार के बेटे जिपेश (10) के दाहिनी जांघ में धंस गई। इससे विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।