ऊधम सिंह नगर के कटोरा ताल पुलिस चौकी में फरवरी में अवैध हिरासत में हुई जियाउद्दीन की मौत की जांच अब सीबीआई करेगी।
हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने मंगलवार को इस संबंध में उप निरीक्षक समेत पांचों आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कुंडा थाना के बैलजुडी निवासी मोहम्मद यामीन अपने बेटे जियाउद्दीन की पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों को सजा दिलाने के लिए दस माह से लड़ाई लड़ रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने मामले की जांच सीबीआई से कराने को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद सितंबर में सीबीआई को हिरासत में मौत मामले की विवेचना करने के आदेश दिए थे।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सीबीआई ने मंगलवार को जियाउद्दीन की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। यामीन की तरफ से दर्ज कराए मामले में आरोप लगाया है कि काशीपुर की कटोरा ताल पुलिस चौकी के प्रभारी प्रवीण सिंह ने कांस्टेबल बलवंत सिंह आदि पुलिसकर्मियों की मदद से उसके बेटे जियाउद्दीन को 26 फरवरी, 2017 को पूछताछ करने के लिए चौकी बुलाया था।
आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के नाम पर उसके बेटे के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। पुलिस से कई बार गुहार लगाने पर भी उसे नहीं छोड़ा। 28 फरवरी को जियाउद्दीन की तबीयत बिगड़ जाने पर आरोपी पुलिसकर्मी उसको अस्पताल के बाहर फेंक कर चले गए थे। इससे गंभीर चोटों की वजह से उसके बेटे की जान चली गई।