झबरेड़ा में तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक कार लूट ली। चालक को इकबालपुर फाटक के समीप फेंक कर बदमाश कार लेकर फरार हो गए।
बदमाशों ने कार मुजफ्फरनगर से हरिद्वार के लिए बुक कराई थी। पुलिस ने लूटी गई कार और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मुजफ्फरनगर के बागोंवाली से तीन युवकों ने शनिवार को एक स्वीफ्ट कार बुक कराई थी।
युवकों ने यह कार हरिद्वार जाने के लिए बुक कराई थी। शनिवार रात को चालक नसीम निवासी रणदेड़ी मुजफ्फरनगर तीनों युवकों को कार में लेकर हरिद्वार के लिए आ रहा था। रूट डावर्ट होने से झबरेड़ा मार्ग से जा रहे थे।
जब कार इकबालपुर रेलवे फाटक के समीप पहुंची तो बदमाशों ने तमंचे निकालकर चालक को डरा धमकाकर कार से नीचे फेंक दिया। इसके बाद बदमाश कार को लेकर फरार हो गए। चालक ने जैसे-तैसे थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने कार और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।