हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में कांवड़ पटरी स्थित चाय की दुकान पर एक युवक ने दूसरे युवक की पत्थर से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
आरोपी को पकड़ लिया गया, लेकिन आरोपी बार-बार बस यहीं बोल रहा था कि 'वह आतंकवादी था, इसलिए मैंने उसे मारा। अब एक ओर बचा है। उसे भी वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद मौत की नींद सुला दूंगा’
गुरुवार को हुई इस घटना में चाय विक्रेता ने कांवड़ियों की मदद से आरोपी युवक को मौके से दबोचा। उसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले किया और मुकदमा दर्ज कराया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि आरोपी का मानसिक संतुलन सही नहीं है। हत्या का कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कनखल के मधु विहार (जमालपुर कलां) निवासी अशोक वर्मा ने पुल जटवाड़ा से कुछ दूरी पर चाय की दुकान खोली हुई है। सुबह करीब सात बजे दो युवक चाय पीने दुकान पर पहुंचे। इसी बीच दोनों में किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते दोनों में लात-घूंसे शुरू हो गए।
जब तक चाय विक्रेता और मौके पर मौजूद तीन-चार अन्य लोग कुछ समझ पाते तब तक एक युवक ने पास में पड़े पत्थर को उठाया दूसरे युवक पर टूट पड़ा। ताबड़तोड़ पत्थर के वार से दूसरे युवक ने दम तोड़ दिया। इसी बीच मौके पर कुछ कांवड़िए भी पहुंच गए। चाय विक्रेता ने कांवड़ियों की मदद से आरोपी को दबोच लिया।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह रावत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आनन-फानन में शव मोरचरी भिजवाया और घटनास्थल से खून साफ कराया। पुलिस ने हत्यारोपी को सिडकुल थाने भेजा। कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हत्यारोपी ने अपना नाम परीक्षित शर्मा पुत्र राजपाल शर्मा निवासी गांव सहदेवपुर, पथरी बताया है।
आरोपी ट्रेन में चाय बेचने का काम करता है। लेकिन उसका कहना है वह मृतक को नहीं जानता। वह उससे सुबह मिला था। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। चाय विक्रेता अशोक वर्मा की ओर से आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने खून से सना पत्थर कब्जे में ले लिया है।