विवाह मंडप में दूल्हे की मौत के एक साल पुराने मामले में युवक के सल्फास खाने का खुलासा हुआ है।
विसरा रिपोर्ट से यह बात साफ हुई है। अब परिजनों ने दुल्हन और उसके जीजा के भाई पर दूल्हे को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
दूल्हा अचानक मंडप से उठा
दून निवासी एक युवती की शादी न्यू दयाल बाग, अंबाला कैंट (हरियाणा) निवासी प्रदीप कुमार पुत्र जगदीश कुमार से तय हुई थी।
29 अप्रैल 2013 की शाम बारात अंबाला से दून पहुंची। रात को दूल्हा अचानक मंडप से उठा और पेटदर्द की बात कहकर चला गया।
बाद में लड्डू की रस्म के दौरान अचानक प्रदीप ने सीने में दर्द की शिकायत की और तड़पने लगा।
विसरा रिपोर्ट में सल्फास खाने की पुष्टि
प्रदीप को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वजह स्पष्ट न होने पर विसरा और ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया।
अब विसरा रिपोर्ट में प्रदीप के सल्फास खाने की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रदीप के पिता जगदीश कुमार ने दुल्हन और परिजनों पर प्रदीप को लड्डू में सल्फास मिलाकर खिलाने का आरोप लगाया।
आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज
बाद में उन्होंने दुल्हन और उसके जीजा के भाई पर प्रदीप को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने ऐसा किया।
एसपी सिटी नवनीत भुल्लर ने बताया कि डॉक्टरों की राय में लड्डू में सल्फास मिलाकर देना संभव नहीं है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।