एक दिन पहले देहरादून के राजीवनगर बस्ती से लापता बच्चे का शव बस्ती के ही एक घर में खड़ी कार के भीतर मिला। इलाके में यह खबर फैलते ही हड़कंप मच गया।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
सात वर्ष थी उम्र
कोतवाली अंतर्गत मारखमग्रांट के राजीवनगर बस्ती निवासी साबीर का सात वर्षीय पुत्र पुन्नू शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे घर से लापता हो गया था।
परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि शनिवार अपराह्न बस्ती में अमरूद के पेड़ पर चढ़कर अमरूद तोड़ रहे एक बच्चे को एक मकान के अंदर खड़ी कार में पुन्नू लेटा हुआ दिखाई दिया। बच्चे ने यह जानकारी अपने परिजनों को दी।
गाड़ी में मृत मिला
खबर मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे। छानबीन करने पर पुन्नू कार के अंदर मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन बालक को मृत देखकर फफक पड़े।
लोगों ने उन्हें किसी तरह संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता साबिर ने बताया की पुन्नू बच्चों के साथ नदी में नहाने की बात कहकर घर से गया था।
हत्या की आशंका
पुलिस फिलहाल इसे हत्या का मामला नहीं मान रही। जबकि बस्ती वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। उपनिरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि बालक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं।
अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। बताया की जिस स्टीम कार से शव बरामद हुआ, वह लॉक नहीं थी। पुलिस ने बताया कार भारत भूषण निवासी राजीवनगर की है।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें