मई माह में भागलपुर, बिहार के ग्रामीण बैंक में करीब 50 लाख रुपए लूटने वाला एक बदमाश देहरादून के सेलाकुई में पकड़ा गया। बिहार और सहसपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को उसे गिरफ्तार किया गया।
कन्हैया गैंग के शातिर अपराधी ने खुलासा किया कि गैंग की योजना अब पटना में रेलवे स्टेशन के पास एक ऑफिस से सात करोड़ रुपए लूटने की थी। इन डकैतों पर 50 हजार रुपए के इनाम का प्रस्ताव विचाराधीन है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति ने बताया कि बिहार के ललमठिया थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने देहरादून आकर सूचना दी कि 50 लाख रुपए की बैंक डकैती डालने वाला जंगली साव सहसपुर थाना क्षेत्र में छिपा है। एसओ सहसपुर यशपाल सिंह और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस ने आरोपी जंगली साव निवासी पीपरपाती बिहार को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। जंगली साव ने 26 मई को अपने साथियों के साथ मिलकर दिन-दहाड़े डकैती डाली थी। आरोपी लूटपाट के बाद बैंक परिसर में देसी बम छोड़ आया था।
फिलहाल उस पर पांच हजार रुपए का इनाम है, लेकिन बिहार शासन में 50 हजार रुपए का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि अब उसका गिरोह पटना में हवाला के तहत आने वाले 7 करोड़ रुपए लूटने का प्लान बना रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक ऑफिस में हवाला के जरिए कालेधन का कारोबार होता है। जहां हर समय 7 से लेकर 8 करोड़ तक की रकम रहती हैं। कप्तान के मुताबिक, लूट का मास्टर माइंड पांच अन्य साथियों के साथ फरार है।
उसके खिलाफ बैंक से 22 लाख रुपए लूटने के अलावा कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस दौरान एसपी सिटी अजय सिंह, एसपी देहात जीसी ध्यानी और सीओ विकासनगर एसके सिंह इस दौरान मौजूद रहे।