एक सप्ताह के भीतर शहर में दो बैंकों के एटीएम तोड़ने का प्रयास करने वाला बदमाश बीटेक का छात्र निकला। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। उसके पास से स्टोन कटर और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
रखता है स्टोन कटर
राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड पर 15 जून की रात ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स के एटीएम में कैश ट्रे काटने की कोशिश की गई थी।
इसके बाद 19 जून को पीएनबी के एटीएम को स्टोन कटर से काटने की कोशिश हुई। हालांकि, दोनों कोशिशों में युवक रकम निकालने में कामयाब नहीं हो सका था।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
दोनों एटीएम की सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि एक ही युवक ने दोनों वारदात की थीं। शुक्रवार को एसएसपी अजय रौतेला ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पवन सिंह पंवार निवासी एकता विहार के रूप में हुई।
पुलिस ने पवन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने दोनों घटनाएं स्वीकार कर ली। घटना में प्रयुक्त स्टोन कटर आदि उपकरण भी मिल गए।
दो साल से हो रहा फेल
कप्तान के मुताबिक पवन बीटेक चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र है। वह लगातार दो साल से फेल हो रहा था। इसके बाद उसके कदम अपराध की ओर मुड़ गए।
एटीएम काटने के लिए उसने राजा रोड से स्टोन कटर खरीदा था। बताया कि अब वह नई वारदात की तैयारी में था। कप्तान ने उपनिरीक्षक रणवीर चंद रमोला के नेतृत्व में खुलासा करने वाली टीम की सराहना की है।